Wednesday, June 3, 2026

शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर युवती के पिता पर चाकू से हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एकतरफा प्रेम और शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज युवक ने युवती के पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने घर के पास स्थित एक गैरेज में बाइक बनवा रहे युवती के पिता पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना गैरेज में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, कुदुदंड पानी टंकी के पास रहने वाला साहिल मरावी एक युवती से शादी करना चाहता था। आरोप है कि उसने अपना वास्तविक सरनेम छिपाकर खुद को साहिल मानिकपुरी बताते हुए युवती के परिवार से संपर्क किया था। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाह को लेकर बातचीत भी शुरू हुई थी।

हालांकि बाद में युवती के परिजनों को आरोपी की वास्तविक पहचान और सरनेम की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने शादी का प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद भी साहिल लगातार युवती और उसके परिवार पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। उसकी गतिविधियों से परेशान होकर परिवार ने अपना किराए का मकान छोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट होने की तैयारी भी शुरू कर दी थी।

बताया जा रहा है कि सोमवार को युवती के पिता एक गैरेज में अपनी बाइक बनवा रहे थे। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और पीछे से उन पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने सीने और पीठ पर एक के बाद एक करीब छह वार किए। अचानक हुए हमले से गैरेज में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पूरी घटना गैरेज में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।