“सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस सख्त… डीजे संचालकों और होली सामग्री विक्रेताओं को दिए कड़े निर्देश

कोरबा। बोर्ड परीक्षाओं और आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इस अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में डीजे संचालकों और होली सामग्री विक्रेताओं की अलग-अलग बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं होना चाहिए और होली पर्व शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए।

 डीजे संचालकों के लिए सख्त निर्देश

अधिकारियों ने डीजे संचालकों को शासन के नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

  • निर्धारित समय सीमा का पालन अनिवार्य होगा।

  • रात 10 बजे के बाद डीजे या ध्वनि विस्तारक यंत्र बंद रखना होगा (विशेष अनुमति के बिना)।

  • ध्वनि स्तर तय मानक से अधिक नहीं होना चाहिए।

  • परीक्षा केंद्रों, स्कूलों और अस्पतालों के आसपास विशेष सावधानी बरतना अनिवार्य होगा।

  • होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना जरूरी होगा।

पुलिस ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन होने पर उपकरण जब्ती, लाइसेंस निरस्तीकरण और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। होली सामग्री विक्रेताओं को भी चेतावनी

होली सामग्री विक्रेताओं को भी सख्त निर्देश दिए गए—

  • किसी भी प्रकार के मुखौटे (मास्क) की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

  • आपत्तिजनक या अश्लील सामग्री की बिक्री नहीं होगी।

  • हानिकारक रासायनिक रंग या स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक पदार्थ बेचने पर कार्रवाई होगी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर दुकानदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।