कोरबा। जिले में अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना दर्री पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चोरी के मामले में फरार चल रहे 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को साडा कॉलोनी निवासी कमलकांत ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सीएसईबी प्लांट दर्री परिसर से करीब 200 मीटर पावर केबल अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिया गया है। मामले में अपराध क्रमांक 136/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि अन्य फरार थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 9 अप्रैल को कार्रवाई करते हुए तीनों फरार आरोपियों—विशाल राव उर्फ लाली (22), किशन कुमार गोंड उर्फ गोलू (21) और यश कुमार श्रीवास (20) को गिरफ्तार कर लिया।
सभी आरोपी धनवारपारा कल्मीडुग्गु, थाना दर्री के निवासी हैं। पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी व लॉकिंग सिस्टम का उपयोग करें।









