Saturday, March 14, 2026

“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान: चोरी के तीन मामलों का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। जिले में अपराधों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग तीन चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नगदी भी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने दो चोरी के मामलों में कार्रवाई की। प्रार्थी अमित दिवाकर और नंद कुमार के घर से शादी कार्यक्रम के दौरान ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नगदी चोरी कर ली गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सुमित्रा रात्रे (28 वर्ष) निवासी बेन्द्रकोना को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपी महिला के खिलाफ पहले भी सिविल लाइन और उरगा थाने में चोरी के मामले दर्ज हैं।

वहीं मानिकपुर चौकी क्षेत्र में हुई चोरी की घटना में भी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश मरावी (19 वर्ष), रोहित शर्मा (19 वर्ष) और निखिल वर्मन (21 वर्ष) शामिल हैं। आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करना स्वीकार किया है।

कोरबा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जिले में चोरी, लूट व अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।