Sunday, October 25, 2026

सड़क हादसों का कहर: ट्रक पलटने से चालक की मौत, दो दुर्घटनाओं में 6 लोग घायल

बालोद। जिले में रविवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसों के साथ हुई। गुरुर थाना क्षेत्र और बालोद थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।

गैस सिलेंडर से भरा ट्रक पलटा, चालक की मौत

गुरुर थाना क्षेत्र के जगतरा गांव में नेशनल हाइवे-30 पर गैस सिलेंडर से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक की चपेट में आने से एक राहगीर घायल हो गया, जिसका पैर फ्रैक्चर हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर से रायपुर जा रहा ट्रक एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर से टकराने के बाद पलट गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बालोद में दो बाइक की भिड़ंत, 5 घायल

बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम पडकीभाट में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।