Thursday, March 12, 2026

सतरेंगा में अवैध महुआ शराब के खिलाफ महिलाओं का मोर्चा, डंडों के साथ भट्टियां तोड़ीं

कोरबा। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल सतरेंगा में नए साल के अवसर पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ ही अवैध महुआ शराब की बिक्री और इससे उपज रही अशांति को लेकर स्थानीय महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। क्षेत्र में पहले से ही नशाबंदी लागू होने के बावजूद अवैध शराब का कारोबार जारी था, जिससे गांव का माहौल बिगड़ने लगा था।

हाथों में डंडे लेकर जब महिला समिति की सदस्य मौके पर पहुंचीं तो अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने में जुटे लोग भाग खड़े हुए। इसके बाद महिलाओं ने जंगल में छिपाकर रखी गई भट्टियों की तलाश कर उन्हें नष्ट किया। भट्टियों में तैयार हो रही महुआ शराब को भी मौके पर ही बहा दिया गया।

अभियान जारी रखने का ऐलान
महिला समिति ने साफ कहा कि सतरेंगा एक उभरता हुआ पर्यटन स्थल है और यहां किसी भी तरह की अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों ने नशाबंदी का सख्ती से पालन कराने और अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है। इस कार्रवाई के बाद गांव में शांति व्यवस्था को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला है।

सतरेंगा निवासी गोमती बाई ने बताया कि पर्यटन स्थल होने के कारण यहां लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, लेकिन अवैध शराब की बिक्री से मारपीट और गाली-गलौज जैसी घटनाएं सामने आ रही थीं। इसकी शिकायत पहले भी की गई थी, पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही थी।

वहीं गायत्री बाई ने बताया कि अवैध शराब के कारण छोटे बच्चे भी नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं और बाहर से आने वाले पर्यटक भी महुआ शराब का सेवन कर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर कलेक्टर से भी शिकायत की गई है।