बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के खर्वे गांव में 3 महीने के भीतर हुई 8 संदिग्ध मौतों के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी रामसहाय जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में जहरीली शराब पिलाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी रामसहाय को शनिवार को पूछताछ के लिए बुलाया था। लगातार दो दिनों तक सख्ती से पूछताछ के दौरान उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
छोटी बातों पर पालता था रंजिश, बनाता था हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों के मजाक उड़ाने या छोटी-छोटी बातों को लेकर मन में दुश्मनी पाल लेता था और फिर उन्हें खत्म करने की योजना बनाता था। कसडोल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और जहर देने से संबंधित धाराओं में कुल 9 एफआईआर दर्ज की हैं।
घर, दुकान और घटनास्थल से जहरीला पदार्थ बरामद
पुलिस आरोपी को लेकर उसके घर, दुकान और घटनास्थल पर पहुंची, जहां से शराब में मिलाया जाने वाला जहरीला पदार्थ बरामद किया गया है। इस दौरान आरोपी को देखकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
3 महीने में 8 मौतों से फैली दहशत
खर्वे गांव में संदिग्ध मौतों का सिलसिला 6 फरवरी 2026 को बद्री पटेल की मौत से शुरू हुआ। इसके बाद 20 फरवरी को बुढालू साहू की मौत हुई। मार्च महीने में 12 मार्च को बुधराम जायसवाल, 20 मार्च को छत्तूराम साहू और 31 मार्च को विनोद साहू की जान गई।
इसके बाद 28 अप्रैल को गजानंद मांझी, 29 अप्रैल को चैतूराम साहू और 14 मई को महेतरू साहू की मौत हो गई।
ग्रामीणों में आक्रोश, शव निकलवाकर कराया पोस्टमॉर्टम
लगातार हो रही मौतों से चिंतित ग्रामीण बड़ी संख्या में कसडोल थाने पहुंचे थे। उनकी मांग पर पुलिस ने 7 शवों को कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया और फिर पुनः दफन किया गया। गांव में शांति बनाए रखने के लिए सामूहिक रूप से शांति पूजा भी कराई गई।
जल्द होगा पूरा खुलासा
हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले का आधिकारिक रूप से पूरा खुलासा नहीं किया है। पुलिस द्वारा जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की साजिश और अन्य कड़ियों का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।









