कोरबा। जिले में एक अस्पताल कर्मचारी की सरपंच द्वारा कथित पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
मृतक बालकृष्ण चनईया की बड़ी बेटी लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान उसके पिता के साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजन आरोपी सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर (निवासी बेन्द्रकोना) की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
घटना के विरोध में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पोस्टमार्टम कर्मचारियों ने पीएम कक्ष और मुख्य गेट पर ताला लगाकर काम बंद कर दिया, जिससे अन्य शवों का पोस्टमार्टम भी प्रभावित हुआ।
जिला मेडिकल कॉलेज के संयुक्त संचालक गोपाल कंवर ने बताया कि पुलिस को सूचना दे दी गई है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







