नई दिल्ली: चीनी ऑनलाइन हैंडल्स ने पिछले साल जून में गालवान वैली में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प के फुटेज जारी किए है. भारत और चीन की ओर से सोमवार को जारी किए गए साझा बयान के कुछ ही घंटों बाद ये विजुअल्स सामने आए हैं. साझा बयान में कहा गया है कि पूर्वी लद्दाख में तनाव को कम करने के लिए वे कमांडर स्तर की सैन्य वार्ता जारी रखेंगे. पिछले वर्ष 15 जून को भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई इस हिंसक झड़प को वर्ष 1962 में हुए युद्ध के बाद का सबसे भीषण संघर्ष माना गया था. फुटेज में चीनी सैनिकों को गालवान नदी के मोड़ पर ऊंचाई से भारतीय सैनिकों पर पथराव करते हुए देखा जा सकता है.
क्लिप में कुछ चीनी सैनिकों को नदी के बहाव में बहते हुए और दोनों पक्षों के सैनिकों को एकत्रित होते हुए भी देखा जा सकता है. भारतीय पक्ष ने आधिकारिक तौर पर बताया था कि हिंसक झड़प में उसके 20 सैनिकों/अधिकारियों को जान गंवानी पड़ी है. दूसरी ओर, चीनी पक्ष ने चार सैनिकों की मौत होने की बात कही थी, वैसे इस दावे को सेना के सूत्र मजबूती से नकारते हैं. लद्दाख गतिरोध के हल के लिए भारत और चीन के बीच 12वें दौर की सैन्य बातचीत शनिवार को हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों ने सभी लंबित मुद्दों को हल करने पर सहमति जताई थी. हालांकि नौ घंटे की बातचीत के बाद भी सीमा से लगे हॉट स्प्रिंग्स और गोगरा जैसे शेष फ्रिक्शन प्वाइंट पर सैनिकों के पीछे हटने जैसा कोई बड़ा ‘मूवमेंट’ सामने नहीं आया है.









