Tuesday, April 14, 2026

सूरत की सड़क पर नूपुर शर्मा के पोस्टर:निलंबित भाजपा प्रवक्ता के फोटो पर क्रॉस और जूते के निशान, गिरफ्तारी की मांग

पैगंबर पर विवादित टिप्पणी करने वाली निलंबित भाजपा नेता नूपुर शर्मा के पैम्फलेट सूरत की सड़क पर लगाए गए हैं। शहर में जिलानी ब्रिज की सड़क पर नूपुर के पोस्टर पर जूतों के निशान भी बने हैं। इनमें नूपुर की गिरफ्तारी की मांग की गई है। ब्रिज पर इस तरह के पैम्फलेट क्यों और किसने लगाए हैं, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है।

भाजपा प्रवक्ता के तौर पर नूपुर शर्मा ने टीवी डिबेट में पैगंबर पर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद भाजपा ने उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया था। भाजपा ने कहा कि हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। साथ ही पार्टी ने उनके बयान से किनारा भी कर लिया था। इसके बाद नूपुर ने भी सोशल मीडिया पर बयान जारी करके माफी मांगी थी।

इस मामले में काफी किरकिरी होने के बाद 5 जून को भाजपा ने नुपूर शर्मा को पार्टी से सस्पेंड कर दिया था। सस्पेंशन से पहले भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने लेटर जारी किया था, जिसमें उन्होंने कहा- भारत के हजारों वर्षों के इतिहास में प्रत्येक धर्म फला-फूला है। भाजपा किसी भी धर्म के किसी भी धार्मिक व्यक्ति के अपमान की कड़ी निंदा करती है। पार्टी उस विचारधारा के सख्त खिलाफ है, जो किसी भी संप्रदाय या धर्म का अपमान करती है। बीजेपी ऐसी किसी विचारधारा का प्रचार नहीं करती।