Sunday, July 5, 2026

सोनाली फोगाट के परिवार को हत्या का शक:बहन बोली- मां से कहा था खाने में गड़बड़ है, इसका शरीर पर असर पड़ रहा है

भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट का सोमवार रात को हार्ट अटैक से निधन हो गया, लेकिन उनके परिवार ने हत्या की साजिश का शक जताया है। सोनाली की बहन रूपेश का कहना है कि सोनाली ने खाने में गड़बड़ी होने की बात मां को बताई थी। कहा था कि इसका असर उसके शरीर पर पड़ रहा था। इसलिए परिवार को शक है कि उसकी हत्या की गई है। मामले की जांच CBI से कराई जानी चाहिए।

सोनाली की बहन ने बताया, ‘परसों ही बात हुई थी। वह बिल्कुल ठीक थी और अपने फार्म हाउस पर थी, लेकिन मां से बात करते हुए उसने कहा कि उसे अपना शरीर ठीक नहीं लगता। जैसे किसी ने कुछ कराया हो। कुछ गड़बड़ लग रही है। कल शाम को भी मां से सोनाली की इसी टॉपिक पर बात हुई। तब भी उसने कहा कि कोई साजिश रची जा रही है। सुबह मैसेज आया कि उसकी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।’

 

सोनाली की जेठानी मनोज फोगाट ने बताया कि परसों वह घर आई थी। यहीं से वह किसी काम के सिलसिले में मुंबई और गोवा के लिए निकली थी। सोनाली की एक बेटी है, जो निजी स्कूल में हॉस्टल में रहती है।