Friday, September 4, 2026

स्कूल में शराब पीने का वीडियो वायरल, सहायक शिक्षक को शो-कॉज नोटिस

गरियाबंद/मैनपुर। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के अंदरूनी क्षेत्र स्थित कमारपारा प्राथमिक स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक का कथित तौर पर कक्षा के अंदर महुआ शराब पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने सहायक शिक्षक सतीश कुमार को शो-कॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

 

मामला मैनपुर के भाटापानी के आश्रित ग्राम कमारपारा स्थित प्राथमिक स्कूल का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में शिक्षक स्कूल के कक्ष के भीतर नजर आ रहे हैं। वीडियो में शराब की बोतल भी दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षक के स्कूल परिसर में कथित तौर पर शराब सेवन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

 

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक शिक्षक सतीश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग की ओर से शिक्षक से पूरे मामले को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

 

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

 

मैनपुर विकासखंड में स्कूल परिसर में शराब सेवन से जुड़ा यह पहला मामला नहीं है। करीब दो माह पहले भी इसी ब्लॉक के एक स्कूल में शिक्षकों द्वारा स्कूल के कमरे में कथित शराब पार्टी करने का वीडियो सामने आया था। उस मामले में संबंधित शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई थी।

 

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्कूलों की निगरानी और विभागीय मॉनिटरिंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि ताजा मामले में शिक्षक के जवाब के बाद शिक्षा विभाग आगे क्या कार्रवाई करता है।