रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की बड़ी भर्ती की तैयारी पूरी हो चुकी है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) समेत 5000 से अधिक पदों पर भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी किया जाएगा।
इन पदों पर चयन के लिए परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ व्यापम को सौंपी गई है। विभाग ने भर्ती से संबंधित सभी प्रक्रियाएं पूरी कर आवश्यक दस्तावेज व्यापम को उपलब्ध करा दिए हैं।
फरवरी 2026 से शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया
सरकार फरवरी 2026 से सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इन पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। यह भर्ती राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के उद्देश्य से की जा रही है।
युवाओं को रोजगार, शिक्षा व्यवस्था को मजबूती
इस भर्ती से हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होने से शिक्षा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।
भर्ती में व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक और प्रयोगशाला सहायक जैसे विभिन्न पद शामिल होंगे, जिससे अलग-अलग योग्यता वाले अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।
जल्द जारी होंगी विस्तृत गाइडलाइन
भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत गाइडलाइन आने वाले दिनों में जारी की जाएगी, जिसमें पात्रता, परीक्षा पैटर्न और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
2023 भर्ती प्रक्रिया भी पूरी
विभाग ने जानकारी दी है कि शिक्षक सीधी भर्ती 2023 की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण में न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बीएड अर्हताधारियों के स्थान पर डीएड अर्हताधारी अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर प्रदान किया गया है।







