स्कूली छात्रों के बीच गुटीय संघर्ष, सड़क पर जमकर मारपीट का वीडियो वायरल

रायपुर। राजधानी रायपुर में स्कूली छात्रों के बीच गुटीय संघर्ष का मामला सामने आया है। बीच सड़क पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना का कारण सामने आने के बाद लोग हैरान हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मालवीय रोड पर हुई, जो थाने से महज कुछ मीटर की दूरी पर स्थित है। बताया जा रहा है कि विवाद एक छात्र की गर्लफ्रेंड को छेड़ने के आरोप से शुरू हुआ, जिसके बाद दोनों पक्षों के छात्र आमने-सामने आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और छात्रों ने बीच सड़क पर एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान पथराव और हाथापाई भी हुई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कई राहगीरों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्र एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गुटीय संघर्ष व्यक्तिगत विवाद का परिणाम था, जिसमें छेड़छाड़ का आरोप मुख्य वजह बना।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के छात्रों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों ने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।