Wednesday, November 11, 2026

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ के 3 शहरों ने मारी बाजी: बिल्हा देश में नंबर-1, बिलासपुर को दूसरा और रायपुर को मिला पहला स्थान

रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बिल्हा नगर पालिका को 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान मिला है। वहीं, स्वच्छ रिवर फ्रंट रैंकिंग में बिलासपुर ने दूसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ छत्तीसगढ़’ श्रेणी में रायपुर नगर निगम को पहला स्थान मिला है।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेता शहरों को पुरस्कार प्रदान किए।

मंत्री अरुण साव ने ग्रहण किया पुरस्कार

छत्तीसगढ़ की ओर से नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और विभागीय सचिव सोनमणि बोरा ने समारोह में पुरस्कार ग्रहण किया। इस उपलब्धि में नगरीय निकायों के अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों और आम नागरिकों की भागीदारी को महत्वपूर्ण माना गया है।

इस बार पुरस्कार वितरण समारोह में प्रत्येक शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर बुलाने की व्यवस्था की गई थी। इनमें सफाई मित्र, स्वच्छता निरीक्षक, पर्यवेक्षक और स्वच्छता मिशन से जुड़े अधिकारी शामिल रहे।

4751 से अधिक शहरों के बीच हुआ मुकाबला

स्वच्छ सर्वेक्षण का यह 10वां संस्करण था। इसमें देशभर के 4751 से अधिक शहरों का 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतकों पर मूल्यांकन किया गया। इसमें घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, सीवेज प्रबंधन, नागरिकों की भागीदारी और सफाई कर्मचारियों के कल्याण जैसे मानक शामिल थे।

मूल्यांकन के लिए देशभर में 3 हजार से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं की टीम तैनात की गई थी। सर्वेक्षण की पूरी प्रक्रिया डिजिटल और GPS आधारित निगरानी के जरिए पूरी की गई। इस वर्ष की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई थी।

पिछले सर्वेक्षण में रायपुर को मिला था चौथा स्थान

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में रायपुर नगर निगम ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में चौथा स्थान हासिल किया था। रायपुर को कुल 12,500 अंकों में से 11,996 अंक मिले थे।

इस श्रेणी में अहमदाबाद पहले, भोपाल दूसरे और लखनऊ तीसरे स्थान पर रहे थे। रायपुर को गार्बेज फ्री सिटी (GFC) और ODF सर्टिफिकेशन में भी पूरे 2,500 अंक मिले थे।

छत्तीसगढ़ के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि

बिल्हा, बिलासपुर और रायपुर की सफलता को प्रदेश में स्वच्छता अभियान और नगरीय व्यवस्थाओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इन पुरस्कारों से स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले सफाई कर्मचारियों, अधिकारियों और नागरिकों का उत्साह बढ़ेगा।