Sunday, March 15, 2026

स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ के 11 पुलिसकर्मियों को मिलेगा गैलेंट्री अवॉर्ड, रायपुर के इंस्पेक्टर भुनेश्वर साहू भी शामिल

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर छत्तीसगढ़ के 11 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें दंतेवाड़ा के निरीक्षक संजय पोटाम को तीसरी बार वीरता पदक मिल रहा है, जबकि रायपुर से निरीक्षक भुनेश्वर साहू और लालजी सिन्हा को यह सम्मान प्राप्त होगा।

इसके अलावा 17 अफसर-कर्मियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक, भारतीय पुलिस पदक (सराहनीय सेवा), सराहनीय सुधार सेवा पदक और गृह रक्षक व नागरिक सुरक्षा पदक प्रदान किए जाएंगे। इस बार छत्तीसगढ़ के 12 जिलों के अधिकारियों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा, जिनमें सबसे ज्यादा 8 अधिकारी दंतेवाड़ा के हैं।

इंस्पेक्टर भुनेश्वर साहू की वीरता गाथा
निरीक्षक भुनेश्वर कुमार साहू को यह पदक उनके अदम्य साहस, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सफल अभियानों और टीम को सुरक्षित कमांड करने के लिए दिया जा रहा है।

17 जून 2021 को, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और एसएसपी जगदलपुर के आदेश पर साहू के नेतृत्व में सर्चिंग पार्टी चंदामेटा जंगल, ग्राम प्यारभाठ (थाना दरभा) के लिए रवाना हुई थी। बरसात और दुर्गम पहाड़ी रास्तों को पार करते हुए 18 जून की सुबह टीम नक्सलियों के गढ़ में पहुंची।

अचानक नक्सलियों ने पुलिस दल पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। साहू ने मौके पर जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए जवाबी कार्रवाई की और नक्सलियों को आत्मसमर्पण का मौका भी दिया। टीम को सुरक्षित बाहर निकालते हुए उन्होंने ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

अब तक साहू 25 से अधिक सफल नक्सल अभियानों का नेतृत्व कर चुके हैं। उनके इस योगदान को देखते हुए उन्हें 15 अगस्त 2025 को महामहिम राष्ट्रपति द्वारा वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा।