Sunday, March 15, 2026

हंगामे के बीच कांग्रेस ने महापौर उम्मीदवारों का किया ऐलान, कोरबा से उषा तिवारी बनी प्रत्याशी

रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस ने महापौर प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। हालांकि, इस घोषणा से पहले रायपुर स्थित कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण में पक्षपात और टिकट बेचने के आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हंगामे के बीच प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट की अध्यक्षता में चुनाव समिति की बैठक हुई, जिसमें गहन विचार-विमर्श के बाद महापौर उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया।

इन 9 शहरों के लिए घोषित हुए प्रत्याशी
कांग्रेस ने 10 में से 9 नगर निगमों के लिए महापौर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। केवल जगदलपुर नगर निगम सीट पर अभी विचार-विमर्श जारी है। घोषित प्रत्याशियों की सूची इस प्रकार है:

  • रायपुर: दीप्ति दुबे
  • दुर्ग: प्रेमलता साहू
  • बिलासपुर: प्रमोद नायक
  • राजनांदगांव: निखिल द्विवेदी
  • अंबिकापुर: अजय तिर्की
  • रायगढ़: जानकी काटजू
  • कोरबा: उषा तिवारी
  • चिरमिरी: पूर्व विधायक विनय जायसवाल
  • धमतरी: विजय गोलछा

जगदलपुर पर फैसला लंबित
जगदलपुर नगर निगम के महापौर उम्मीदवार को लेकर विचार-विमर्श जारी है। सूत्रों के अनुसार, इस सीट के लिए मलकीत सिंह गैदू का नाम सबसे प्रबल दावेदार के रूप में सामने आ रहा है।

कोरबा से उषा तिवारी बनीं प्रत्याशी, कार्यकर्ताओं में खुशी
कोरबा से महापौर उम्मीदवार घोषित होने के बाद उषा तिवारी को कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बधाइयों का तांता लग गया। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटीं। प्रत्याशी घोषित होने के बाद उषा तिवारी ने कहा, “मैं कांग्रेस और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की आभारी हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। मैं पूरी ईमानदारी से पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी।”

जनता के हित में काम करने का वादा
उषा तिवारी ने महापौर बनने पर महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष योजनाएं शुरू करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि वह हर वार्ड के विकास और जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देंगी। तिवारी ने यह भी कहा कि पार्टी ने जो भरोसा जताया है, वह उसे पूरी निष्ठा के साथ पूरा करेंगी।