Sunday, July 12, 2026

हरदी बाजार के पुनर्वास (बसावट) हेतु उपयुक्त स्थान के संबंध में सुझाव

हरदी बाजार के पुनर्वास (बसावट) के लिए रेकी पावर प्लांट के आगे सुपेतपारा रोड पर स्थित लगभग 500 एकड़ से अधिक भूमि, जो ग्राम पंचायत उतरदा के अंतर्गत आती है, सबसे उपयुक्त स्थान हो सकती है। यह भूमि मुख्य सड़क (बाईपास रोड) से लगी हुई है, जिससे आवागमन एवं भविष्य के विकास की पर्याप्त संभावनाएँ हैं।


इस स्थल से लगभग 1 किलोमीटर की दूरी पर बाईपास पक्की सड़क के किनारे नया कॉलेज निर्माणाधीन है। साथ ही, जिला प्रशासन द्वारा कॉलेज के आसपास विवेकानंद एजुकेशन हब विकसित करने का प्रस्ताव भी किया गया है। इसके अतिरिक्त, यह स्थान हरदी बाजार की वर्तमान सरहद से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे स्थानीय लोगों का अपने क्षेत्र से जुड़ाव भी बना रहेगा।


इन सभी तथ्यों को देखते हुए यह क्षेत्र हरदी बाजार के पुनर्वास के लिए सर्वाधिक उपयुक्त प्रतीत होता है।
इसलिए हरदी बाजार के सभी नागरिकों को जागरूक होकर एकजुट होना चाहिए तथा इस स्थान को पुनर्वास हेतु चयनित कराने के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी मांग को मजबूती से उठाना चाहिए।

कानूनी आधार

छत्तीसगढ़ शासन की आदर्श पुनर्वास नीति, 2007 में स्पष्ट प्रावधान किए गए हैं—

* कंडिका 1.2.3 के अनुसार, पुनर्वास के प्रयोजन के लिए राजस्व भूमि अथवा वन विभाग की भूमि का उपयोग किया जा सकता है।
* कंडिका 1.2.1 के अनुसार, “पुनर्वास के प्रयोजन के लिए राजस्व ग्राम तथा वनग्राम में कोई अंतर नहीं किया जाएगा।”
अतः पुनर्वास के लिए उपलब्ध उपयुक्त राजस्व अथवा वन भूमि का उपयोग किया जाना शासन की पुनर्वास नीति के अनुरूप है। इसलिए सुपेतपारा रोड स्थित ग्राम पंचायत उतरदा की इस भूमि को हरदी बाजार के पुनर्वास के लिए प्राथमिकता दिए जाने की मांग पूरी तरह उचित, न्यायसंगत, नीतिगत व विधिसम्मत है, इसलिए प्रशासन को तत्काल इस पर अमल करना चाहिए।