कोरबा। हिंदू नववर्ष के अवसर पर शहर में कुछ युवकों द्वारा जमकर हुड़दंग और खतरनाक स्टंटबाजी किए जाने का मामला सामने आया है। चलती कारों से जोखिम भरे स्टंट किए गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के घंटाघर मैदान में बड़ी संख्या में युवक कार और बाइक लेकर जुटे थे। इस दौरान स्कॉर्पियो, थार, बोलेरो और स्विफ्ट जैसी गाड़ियों से खतरनाक स्टंट किए गए। कुछ युवक कार की खिड़कियों पर बैठे और लटकते नजर आए, जिससे किसी भी वक्त बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार गाड़ियों के बीच स्टंटबाजी से राहगीरों की जान खतरे में पड़ गई। वहीं, कुछ युवक भगवा झंडा लेकर भी स्टंट करते दिखे।
इधर, बाइक सवारों ने भी साइलेंसर निकालकर तेज आवाज और रफ्तार के साथ सड़कों पर उत्पात मचाया। कोसाबाड़ी से टीपी नगर तक रैली के दौरान कई बाइकर्स ने नियमों की धज्जियां उड़ाईं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। वाहनों के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो दर्जन से अधिक वाहनों को जब्त कर लिया है।








