Thursday, October 1, 2026

हैदराबाद में एक और आनर किलिंग का मामला आया सामने, भरी बाजार में की गई शख्स की हत्या

हैदराबाद, हैदराबाद में एक और ‘आनर’ किलिंग का मामला सामने आया है। अंतरजातीय प्रेम विवाह के चलते एक 24 वर्षीय व्यक्ति की उसके पिता के सामने सार्वजनिक रूप से हत्या कर दी गई। नीरज कुमार पंवार (22) को पांच लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। शाहीनयथगंज थाना क्षेत्र के बेगम बाजार इलाके में व्यस्त मछली बाजार के पास नीरज कुमार पंवार की शुक्रवार की रात चाकू मारकर हत्या की गई।

युवक अपने व्यवसायी पिता राजेंद्र पंवार के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहा था कि तभी हमलावरों ने उसके सिर पर ग्रेनाइट पत्थर से हमला कर दिया। जैसे ही वह नीचे गिरा, उन्होंने नारियल काटने के लिए इस्तेमाल किए गए हंसिया से उस पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल नीरज को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डेढ़ साल पहले इसी इलाके की लड़की से की थी शादी

मूंगफली का खुदरा कारोबार करने वाले बेगम बाजार क्षेत्र के कोलसावाड़ी निवासी पंवार ने करीब डेढ़ साल पहले इसी इलाके की रहने वाली लेकिन दूसरी जाति की संजना (20) से प्रेम विवाह किया था। करीब डेढ़ माह पहले ही उनके यहां एक बच्चे का जन्म हुआ था।

हत्या करने के लिए लड़की के परिवार वालों ने की रेकी

चूंकि संजना का परिवार इस शादी के खिलाफ था, इसलिए उन्होंने नीरज के खिलाफ नाराजगी पैदा कर दी। वे कथित तौर पर पिछले छह महीने से हत्या की योजना बना रहे थे। एक हफ्ते तक उन्होंने दुकान से घर तक नीरज की गतिविधियों को जानने के लिए रेकी कर रहे थे।