Wednesday, September 30, 2026

हॉस्टल की फीस नहीं दी तो छात्राओं को निकाला:सूर्या कॉलेज की नर्सिंग स्टूडेंट्स कलेक्टर के पास पहुंची;प्रबंधन बोला-रंगपंचमी के बाद बुलाया था,पहले आ गईं

जगदलपुर स्थित सूर्या कॉलेज की 11 छात्राओं को सोमवार शाम हॉस्टल से बाहर निकाल दिया गया। ये सभी नर्सिंग की स्टूडेंट्स हैं। बताया जा रहा है कि सभी ने फोर्थ सेमेस्टर और हॉस्टल की फीस नहीं भरी थी, इसलिए प्रबंधन ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया। हॉस्टल से बाहर निकाले जाने के बाद सभी छात्राएं शाम 7 बजे कलेक्टर रजत बंसल से मिलने पहुंच गईं। कलेक्टर ने इस मामले को संज्ञान में लिया और SDM दिनेश नाग को पूरे मामले पर हॉस्टल प्रबंधन से बात करने को कहा है। हालांकि करीब 1 घंटे के बवाल के बाद सभी को वापस हॉस्टल बुला लिया गया।

जगदलपुर SDM दिनेश नाग ने बताया कि, सोमवार शाम सूर्या कॉलेज की छात्राएं आईं थी। फीस को लेकर कॉलेज प्रबंधन के साथ कुछ प्रॉब्लम हुआ था। हालांकि हमने कॉलेज के डायरेक्टर प्रकाश झा से बात की, जिसके बाद कुछ ही देर में सभी छात्राओं को हॉस्टल बुला लिया गया था। इधर, कॉलेज के डायरेक्टर प्रकाश झा ने कहा कि फीस को लेकर कोई बवाल नहीं हुआ था। फीस चाहे देर से भरे या फिर जल्दी लेकिन हर महीने फीस भरनी ही पड़ेगी। हॉस्टल और कॉलेज इन दोनों को मिलाकर महीने का 10 हजार रुपए फीस है। जिसे हर महीने की 15 तारीख तक जमा करना अनिवार्य है।