Monday, August 3, 2026

होली और शब-ए-बारात पर्व शांतिपूर्वक मनाने शांति समिति की बैठक सम्पन्न,कलेक्टर श्रीमती रानू साहू व एसपी भोजाराम पटेल रहे मौजुद

कोरबा,11 मार्च  कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने होली पर्व और शब-ए-बारात पर्व को आपसी भाई चारे और सौहार्द्रपूर्ण तरीके से मनाने के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक ली। शांति समिति के सदस्यों ने 17 मार्च को होलिका दहन और 18 मार्च को होली त्यौहार और शब-ए-बारात पर्व को मिल जुल कर और सदभाव के साथ मनाने का निश्चय किया। 17 मार्च को रात 10 बजे तक होलिका दहन पूर्ण कर लिया जाएगा। 18 मार्च को होली के साथ शब-ए-बारात पर्व भी है। शब-ए-बारात पर्व मुस्लिम समाज द्वारा अपने पूर्वजांे को श्रद्धांजली देने का पर्व है। इस दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती साहू ने कहा कि यह सभी पर्व आपसी भाई चारे का है। उन्होंने सभी सम्प्रदाय से त्यौहार को शांति पूर्वक मनाकर आपस में खुशियां बांटने की अपील की। उन्होंने इन सभी पर्वाें को शांतिपूर्वक और सुरक्षित रूप से मनाने के लिए जिले वासियों से सहयोग की भी अपेक्षा की है। इस बैठक में समाज प्रमुख, गणमान्य नागरिक और अधिकारीगण शामिल हुए।

बैठक में बताया गया कि 17 मार्च को होलिका दहन खुले स्थानो पर ही किया जा सकेगा। बिजली के ट्रांसफार्मरों और तारों के नीचे होलिका दहन नहीं किया जा सकेगा। शांति समिति की बैठक में कलेक्टर श्रीमती साहू ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस विभाग को लगातार पैट्रोलिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिन्हांकित स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था करने को कहा। त्यौहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में देने की भी अपील की गई। होली पर अवैध चंदा वसूली करने वालो, शराब पीकर हुडदंग करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।