गर्भ में लड़का है या लड़की? यह जांच कराना भारत में अपराध है। इसमें 10 साल तक की सजा हो सकती है, लेकिन अजमेर के बूढ़ा पुष्कर के रिसॉर्ट जॉलीवुड में अमेरिका की तर्ज पर जेंडर रिवील पार्टी की गई। एक इवेंट कंपनी ने इसे ऑर्गेनाइज किया, लेकिन न तो जिम्मेदारों को इसकी खबर हुई, न रिसॉर्ट ने इसकी सूचना पुलिस या पीसीपीएनडीटी सेल को दी।
इस पार्टी में पति-पत्नी एक दूसरे को सांकेतिक रूप में बताते हैं कि लड़का होगा या लड़की। इससे पहले वे भ्रूण लिंग जांच करवा लेते हैं। इसमें पति या पत्नी दोनों में एक को यह जानकारी होती है कि भ्रूण लड़का है या लड़की। इस तरह का चलन अमेरिका समेत कई अन्य देशों में है। पिंक कलर बताने पर लड़की और नीला बताने पर लड़का होता है।
रिसॉर्ट और इवेंट कंपनी ट्रोलर्स के निशाने पर
बूढ़ा पुष्कर का यह रिसॉर्ट और इवेंट कंपनी ट्रोलर्स के निशाने पर है। नाम न बताने की शर्त पर दो रिसॉर्ट संचालकों ने इस पार्टी के होने की पुष्टि की है। यही नहीं, भास्कर के पास पार्टी के वीडियो फुटेज हैं। वीडियो रविवार का है।
अजमेर के सीएमएचओ डॉ. अनुज पिंगोलिया के अनुसार, लिंग जांच की पुष्टि होने पर 10 साल की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। पीसीपीएनडीटी सेल कार्रवाई करती है। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाती है, जिसमें तत्काल गिरफ्तारी होती है।









