सड़क दुर्घटना में जान बचाने वाला हेलमेट अब गंजेपन का भी इलाज करेगा। पटना AIIMS एक ऐसा हेलमेट तैयार कर रहा है, जो बालों की समस्या का जड़ से समाधान करेगा। न्यूरो फिजियोलॉजी विभाग के डॉक्टरों का दावा है कि यह गंजेपन की समस्या में रामबाण साबित होगा।
डिप्टी मेडिकल सुपरिन्टेंडेंट और न्यूरो फिजियोलॉजी के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. योगेश कुमार का कहना है, ‘देश में पहली बार स्किन की उस लेयर पर अध्ययन किया गया है, जहां बाल उगने के बाद अधिक समय तक रहकर कमजोर पड़ जाते हैं।
इस विशेष हेलमेट में 32 लेजर LED का प्रयोग किया गया है। सिर में पहनने के बाद इसमें 32 अलग-अलग तरह की लेजर लाइट आती है और हर लाइट की रेज का अलग-अलग काम होता है। हेलमेट लगाने के बाद LED लाइट अपने हिसाब से काम करने लगेंगीं।’
डॉ. योगेश का दावा है, ‘हेलमेट से ट्रीटमेंट में 3 से 4 माह में गंजापन दूर हो जाएगा। इस विशेष हेलमेट को हर दिन पहनने से 3 से 4 माह में बाल आएंगे। इसे रोजाना 3 घंटे पहनने से बालों की जड़ होगी मजबूत होगी।’











