Sunday, May 10, 2026

अलकायदा:AGH का कमांडर शकील है फरार, 15 अगस्त के लिए बना रहा था मानव बम; मिनहाज और मसीरुद्दीन 14 दिन की रिमांड पर भेजे

लखनऊ में गिरफ्तार अलकायदा की विंग अंसार अलकायदा हिंद (AGH) के आतंकी मिनहाज अहमद और मसीरुद्दीन उर्फ मुशीर को ATS ने 14 दिन की रिमांड पर लिया है। सोमवार की दोपहर दोनों को ATS/NIA की स्पेशल कोर्ट में पेश किया। जहां ATS ने आगे की पड़ताल के लिए रिमांड अर्जी दाखिल की। जिसे अपर जिला जज-3 की कोर्ट के जस्टिस राम योगेंद्र गुप्ता ने स्वीकार कर लिया।इससे पहले मिनहाज और मसीरुद्दीन से पूछताछ में ATS को अहम सुराग हाथ लगे हैं। यूपी में अलकायदा के आतंकी बड़ी साजिश की फिराक में थे। ATS का दावा है कि दोनों 15 अगस्त को सीरियल ब्लास्ट और मानव बम बनकर देश को दहलाने की साजिश रच रहे थे। इन दोनों को AGH का यूपी कमांडर शकील ऑपरेट कर रहा था। ATS को रविवार को लखनऊ के दुबग्गा में आतंकियों के होने का इनपुट मिला था। लेकिन घेराबंदी से पहले शकील भाग निकला। मिनहाज अहमद और मसीरुद्दीन पकड़ में आए थे। ATS शकील की तलाश कर रही है।ATS ने बीते 24 घंटे में शकील की तलाश में लखनऊ, कानपुर, मेरठ, देवबंद और बाराबंकी में छापेमारी की है। मिनहाज व मसीरूद्दीन से मिले इनपुट से साफ है कि इन लोगों के निशाने पर प्रदेश के प्रमुख मंदिर, स्मारक, रेलवे स्टेशन और 15 अगस्त के कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले राजनेता व पुलिसकर्मी थे। इन लोगों ने पूरे प्रदेश में करीब दर्जन भर स्थानों की निशानदेही कर सीरियल ब्लास्ट करने की योजना बना ली थी। इसके लिए इनके स्लीपिंग माड्यूल्स पूरी तरह से सक्रिय हो चुके थे।सुरक्षा एजेंसियां कानपुर, सहारनपुर और लखनऊ से करीब 17 स्लीपिंग माड्यूल्स को उठाकर पूछताछ कर रही है। साथ ही मिनहाज, मसीरूद्दीन के परिवार वालों से इनकी गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। सूत्रों के मुताबिक यह लोग आसपास के सुनसान इलाकों में नवयुवकों को रेडिक्लाइज कर जेहाद के लिए तैयार कर रहे थे। उनसे मिलने वाले युवाओं का भी पता लगाया जा रहा है।एटीएस ने जेल में बंद आतंकियों के रिश्तेदारों पर भी नजर रखना शुरू कर दिया है। मार्च 2017 में एटीएस मुठभेड़ में मारे गए कानपर के सैफुल्ला के साथी गौस मुहम्मद, दानिश व आतिफ अभी जेल में हैं। वहीं, कानपुर में गिरफ्तार असम का कमरुद्दीन भी जेल में ही है। उससे जुड़े करीब दर्जन भर लोग एटीएस की रडार पर है। जिनका इन लोगों से कभी न कभी संपर्क रहा था और इनसे मिले भी थे।