कटक। ओडिशा के SCB Medical College and Hospital में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के एक वार्ड में लगी आग की चपेट में आने से 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य मरीज गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना की जानकारी Cuttack पुलिस कमिश्नर ने दी है।
बताया जा रहा है कि देर रात अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके परिजन सो रहे थे, तभी अचानक वार्ड में आग लग गई। देखते ही देखते आग और धुआं पूरे वार्ड में फैल गया, जिससे मरीजों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही अस्पताल की फायर यूनिट मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में तीन दमकल गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। धुएं और आग के कारण कई मरीजों को नुकसान हुआ, जबकि आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया। कुछ मरीजों को अस्पताल के न्यू मेडिसिन आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान
रमेश चंद्र परिडा, दासरू मुंडा, एमडी नयूम, गौरांग चंद्र बारिक, सेख अब्दुल सतर, मधुसूदन दलाई, कृष्ण चंद्र बिस्वाल, रविंद्र दास, चेरू परिडा और मेनका राउत के रूप में हुई है।
फिलहाल आग लगने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी खराबी के कारण आग लगी हो सकती है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।








