Wednesday, September 30, 2026

अस्पताल से डिस्चार्ज हुआ सहदेव:कहा- दोस्त के साथ स्कूल जा रहा था, रास्ते में एक्सीडेंट हो गया, बादशाह से नहीं हुई बात

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले का रहने वाला ‘बचपन का प्यार’ फेम सहदेव दिरदो अब पूरी तरह से स्वस्थ है। रायपुर के एक निजी अस्पताल में सहदेव का इलाज चला था। जिसके बाद आज वह अस्पताल से डिस्चार्ज हो गया है। डिस्चार्ज से पहले सहदेव ने सड़क हादसे में कैसे घायल हुआ इसकी जानकारी दी है। एक्सीडेंट के बाद पहली बार कैमरे के सामने आए सहदेव ने कहा कि, अपने दोस्त के साथ बाइक से स्कूल जा रहा था। रास्ते में बाइक फिसल गई और एक्सीडेंट हो गया। सिर और आंख में गंभीर चोटें आई थी।

रायपुर के अस्पताल में उसका इलाज चला है। वो अब बिल्कुल ठीक है। हालांकि चेहरे पर थोड़ी सूजन जरूर है। सहदेव ने कहा कि, पूरी तरह से ठीक हो जाऊंगा उसके बाद फिर से गाने की प्रैक्टिस करूंगा। बादशाह से बात नहीं हुई है। उनके मैनेजर से केवल बात हुई। आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने भी सहदेव से मुलाकात की थी। रायपुर के अस्पताल में इलाज का सारा इंतजाम कवासी लखमा ने ही करवाया था। सहदेव ने बताया कि लखमा ने उनसे कहा गाड़ी मत चलाया करो। अपना ध्यान रखो।