Thursday, September 24, 2026

आकाशीय बिजली का कहर: 4 लोग आए चपेट में, एक की मौत; 3 गंभीर घायल

आसमानी आफत का कहर: गाज गिरने से एक की मौत, 3 की हालत गंभीरधमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। नगरी ब्लॉक में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

फरसियां-बोड़र्रा मार्ग पर हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, घटना नगरी ब्लॉक के फरसियां-बोड़र्रा मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच हुई। उस समय क्षेत्र में तेज बारिश के साथ गरज-चमक हो रही थी। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली सड़क के पास मौजूद लोगों पर गिर गई।

बिजली की चपेट में आने से गिरजा शंकर ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जितेंद्र सिन्हा, पोषण ध्रुव और भूपेश ध्रुव गंभीर रूप से झुलस गए।

अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को शासकीय सिविल अस्पताल नगरी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने गिरजा शंकर ध्रुव को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीनों घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बारिश के बीच आकाशीय बिजली से हादसा

धमतरी में बारिश और गरज-चमक के बीच हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौके की जानकारी जुटाने में लगे हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।