Wednesday, August 19, 2026

एएसआई के सूने मकान में चोरी, 1.15 लाख नकद समेत सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े बदमाश

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला मुजगहन थाना क्षेत्र के डूंडा स्थित शिव विहार कॉलोनी का है, जहां गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने एक पुलिसकर्मी के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित एएसआई पुलिस लाइन में पदस्थ हैं और घटना के समय अपने परिवार के साथ किसी निजी कार्य से जगदलपुर गए हुए थे। घर सूना होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी के लॉकर का ताला भी तोड़ दिया।

चोर घर में रखी सोने की चेन, चांदी की पायल और 1.15 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। वारदात की जानकारी तब हुई जब पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा और एएसआई को सूचना दी। परिवार के लौटने पर घर के अंदर सामान बिखरा मिला और लॉकर से नकदी व जेवरात गायब थे।

घटना की सूचना मिलते ही मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।