Tuesday, July 7, 2026

कटघोरा को जिला बनाने की मांग तेज, अधिवक्ताओं ने निकाली कार रैली, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

कटघोरा (कोरबा)। कटघोरा को पूर्ण जिला घोषित करने की मांग को लेकर अधिवक्ता संघ ने मंगलवार को मूसलाधार बारिश के बीच कार रैली निकालकर प्रदर्शन किया। कसनिया (अहिरन नदी) से एसडीएम कार्यालय तक निकाली गई रैली के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। खराब मौसम के कारण प्रस्तावित बाइक रैली को कार रैली में बदल दिया गया।

ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कटघोरा के ऐतिहासिक, प्रशासनिक, औद्योगिक और भौगोलिक महत्व का उल्लेख करते हुए इसे जिला बनाने की मांग दोहराई। उनका कहना है कि जिला मुख्यालय नहीं होने से लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी कोरबा जाना पड़ता है। अधिवक्ता संघ ने बताया कि यह मांग पिछले 30 वर्षों से लंबित है और यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।