Saturday, August 8, 2026

कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का WhatsApp अकाउंट हैक, परिचितों से मांगे 28 हजार रुपये

रायपुर। कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का WhatsApp अकाउंट कथित तौर पर हैक होने का मामला सामने आया है। हैकर उनके नाम से परिचितों और समर्थकों को मैसेज भेजकर 28 हजार रुपये UPI के जरिए भेजने की मांग कर रहा है। इतना ही नहीं, लोगों को भरोसा दिलाया जा रहा है कि रकम रात 8 बजे तक वापस कर दी जाएगी।

मामले की जानकारी मिलने के बाद बृहस्पति सिंह ने रायपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है।

‘रात 8 बजे तक पैसे लौटाने’ का भरोसा

जानकारी के अनुसार, हैकर बृहस्पति सिंह के WhatsApp नंबर से लोगों को मैसेज भेज रहा है। बातचीत की शुरुआत सामान्य तौर पर “Hello” और “एक हेल्प चाहिए थी” जैसे संदेशों से की जा रही है। इसके बाद हैकर अचानक पैसों की जरूरत बताते हुए 28 हजार रुपये भेजने के लिए कहता है।

हैकर दावा करता है कि उसका UPI काम नहीं कर रहा है और वह रात 8 बजे तक पूरी रकम वापस कर देगा। इसके बाद QR कोड भेजकर या सीधे UPI के माध्यम से भुगतान करने के लिए कहा जा रहा है।

परिचितों ने संपर्क किया तो हुआ खुलासा

कई लोगों को इस तरह के मैसेज मिलने के बाद उन्होंने बृहस्पति सिंह से सीधे संपर्क किया। बातचीत के बाद पता चला कि उनके WhatsApp अकाउंट से किसी अन्य व्यक्ति द्वारा पैसे मांगने वाले संदेश भेजे जा रहे हैं।

मामला सामने आने के बाद पूर्व विधायक ने लोगों को सावधान रहने की अपील की और पुलिस को इसकी सूचना दी।

बिना पुष्टि किए भुगतान न करें

बृहस्पति सिंह ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से यदि पैसे मांगने वाला कोई मैसेज या QR कोड मिले तो बिना पुष्टि किए कोई भुगतान न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका WhatsApp अकाउंट हैक हो गया है और हैकर इसका गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।

पुलिस साइबर सेल मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अकाउंट किस तरह हैक हुआ तथा इसके पीछे कौन लोग हैं।