जगदलपुर में कांग्रेस नेता और सांसद प्रतिनिधि सुशील मौर्य की CSP विकास कुमार(IPS) के साथ हाथापाई हुई है। बताया जा रहा है कि सिटी कोतवाली के अंदर दोनों के बीच बहस हुई थी। विवाद काफी बढ़ गया। जिसके बाद दोनों ने एक दूसरे को पीट दिया। पुलिस जवानों और अन्य कांग्रेसियों ने बीच बचाव किया। मामले के बाद थाने में बवाल शुरू हो गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस थाने में मौजूद हैं।

दरअसल, कांग्रेस नेता सुशील मौर्य का कहना है कि, हमारे कांग्रेस के कार्यकर्ता महेश द्विवेदी ने मुझे कॉल कर बताया कि सिटी कोतवाली में CSP विकास कुमार ने मुझे एक लात मार दी है। जिसके बाद मैं थाने पहुंचा। CSP से पूछा आपने उसे लात कैसे मार दी, तो CSP का जवाब रहा कि वो गुटखा खा कर आया है और मारूंगा। जिसके बाद मैंने कहा कि यदि उसने गुटखा खाया है तो मना कर दीजिए कि परिसर में गुटखा खाकर न आए। लेकिन लात मारना यह कहां तक सही है।










