कांग्रेस कमेटी के शहर उपाध्यक्ष अकबर खान के विधायक को गालियां देने की शिकायत की जांच के लिए बनी कमेटी ने काम शुरू कर दिया है। सोमवार को शहर विधायक शैलेष पांडेय जांच कमेटी के समक्ष पेश हुए। उन्होंने अपनी बातें कमेटी के सामने रख दी है। दूसरी तरफ से शहर उपाध्यक्ष और आरोपी अकबर खान ने भी अपना पक्ष रखा है।
इस दौरान विधायक शैलेष पांडेय ने कहा कि आमतौर पर लोग पुलिस के सामने संरक्षण मांगने के लिए जाते हैं, लेकिन थाने में ही इस तरह की घटना हो तो पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि मामले में SP और IG को ध्यान देना चाहिए।
बीते दिनों कांग्रेस कमेटी के शहर उपाध्यक्ष अकबर खान का सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में कांग्रेस नेता अकबर विधायक शैलेष पांडेय को गालियां देते नजर आ रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद विधायक समर्थकों ने मोर्चा खोल दिया था।
प्रकरण में युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव आशीष अवस्थी ने थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर इस घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। कमेटी के अध्यक्ष पूर्व महापौर राजेश पांडेय हैं और जिला पंचायत के पूर्व सदस्य भुवनेश्वर यादव और कांग्रेस नेत्री संध्या तिवारी सदस्य हैं।
सोमवार दोपहर शहर विधायक शैलेष पांडेय जांच कमेटी के समक्ष उपस्थित हुए। उन्होंने अपनी बातें कमेटी के समक्ष रखीं। वहीं, दूसरी ओर से शहर उपाध्यक्ष अकबर खान ने भी कमेटी के सामने अपना पक्ष रख दिया है।







