रायपुर। राजधानी रायपुर के VIP रोड स्थित EDO क्लब में देर रात पार्टी के दौरान दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि DJ कॉम्पिटिशन के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
DJ कॉम्पिटिशन के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, EDO क्लब में आयोजित पार्टी में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पहुंचे थे। इसी दौरान DJ कॉम्पिटिशन चल रहा था। किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों गुटों के बीच मारपीट होने लगी।
मारपीट के दौरान क्लब परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पार्टी में नाबालिगों के शामिल होने की भी चर्चा
पार्टी में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों के पहुंचने की जानकारी है। वहीं, कुछ नाबालिगों के भी पार्टी में शामिल होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
जानकारी के अनुसार, पार्टी का आयोजन भिलाई निवासी सत्यम शर्मा और रायपुर निवासी लक्की बजाज द्वारा कराया गया था। पुलिस इस आयोजन से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
तेलीबांधा पुलिस के अनुसार, देर रात कैफे/क्लब में मारपीट की सूचना मिली थी। इवेंट के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।
पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे।
VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल
क्लब में हुई मारपीट का करीब कुछ सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।











