नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने 30 सितंबर बुधवार को अनलॉक 5 के लिए गाइडलाइंस जारी कर दीं। इन गाइडलाइन्स में सरकार ने सिनेमा हॉल, एंटरटेनमेंट पार्क, स्विमिंग पूल, स्कूल, कोचिंग इंस्टीट्यूट आदि के बारे में जानकारी दी है। केंद्र ने 15 अक्टूबर के बाद से कईयों को दोबारा खोलने की इजाजत दे दी है। हालांकि, कुछ विशेष शर्तों का पालन करना होगा।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइन्स में बताया गया है कि 15 अक्टूबर के बाद सिनेमा हॉल, एंटरटेनमेंट पार्क, स्विमिंग पूल को खोलने की अनुमति होगी। हालांकि, सिनेमा हॉल में पहले के दर्शकों की तुलना में आधे दर्शक ही फिल्म का लुत्फ उठा सकेंगे। मंत्रालय ने 50 फीसदी क्षमता के साथ सिनेमाघरों को दोबारा घोलने की अनुमति दी है।
गृह मंत्रालय की गाइडलाइन्स के मुताबिक, स्कूलों और कोचिंग इंस्टीट्यूट्स को खोलने को लेकर 15 अक्टूबर के बाद राज्य सरकारें अपने हिसाब से फैसला कर सकेंगी। राज्यों को अपने इस फैसले के दौरान छात्रों के माता-पिता की मंजूरी की जरूरत होगी।
सरकार ने कहा है कि ऑनलाइन/डिस्टेंस लर्निंग जैसे चल रही थी, उसी तरह से चलती रहेगी और इसे प्रोत्साहित किया जाएगा। जिन स्कूलों को खोलने की अनुमति है, उन्हें राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों के शिक्षा विभागों द्वारा जारी किए जाने वाले एसओपी का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।
लॉकडाउन 4 में क्या-क्या खुला था?
इससे पहले, सरकार ने एक सितंबर को शुरू हुए अनलॉक 4 में मार्च महीने से लगे लॉकडाउन के बाद पहली बार मेट्रो सेवाओं को फिर से शुरू करने की इजाजत दी थी। विशेष गाइडलाइंस के बाद सात सितंबर से मेट्रो की सेवाओं को शुरू कर दिया गया था। वहीं, कक्षा 9-12 के लिए स्कूलों का आंशिक रूप से फिर से खोला गया था। 21 सितंबर से 100 व्यक्तियों की अधिकतम सीमा के साथ सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक कार्यक्रमों की अनुमति भी दी गई थी।
तेजी से बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामले
भारत में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। एक दिन में 80,472 नए मामले सामने आने के बाद बुधवार को देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 62 लाख से अधिक हो गई है। संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की संख्या भी 51,87,825 हो गई है, जिससे स्वस्थ होने की दर 83.33 प्रतिशत पर पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे जारी किए गए ताजातरीन आंकड़ों के अनुसार देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 62,25,763 हो गए जबकि 1,179 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 97,497 हो गई।