सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में जुआ खेलने के दौरान पुलिस की कथित दबिश के बाद लापता हुए 38 वर्षीय महेश राम केंवट का शव तीन दिन बाद बुधवार सुबह गंगासागर तालाब से बरामद हुआ। महेश 22 नवंबर की रात से लापता था। शव मिलने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्ती एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने हसौद के प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू को गंभीर लापरवाही का जिम्मेदार मानते हुए निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है।
जुआ खेलने के दौरान पुलिस दबिश की चर्चा, डरकर तालाब में कूदने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, 22 नवंबर की रात गांव में जुआ खेलने की सूचना पर हसौद पुलिस की टीम कथित तौर पर दबिश देने पहुंची थी। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान महेश राम केंवट ने गंगासागर तालाब में छलांग लगा दी।
बताया जा रहा है कि उसके साथ कुछ अन्य लोग भी तालाब में उतरे थे, जो बाहर निकल आए, लेकिन महेश का कोई पता नहीं चला। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुछ युवकों के साथ मारपीट भी की थी। इसी डर से महेश ने तालाब में छलांग लगाई।
हालांकि, पुलिस की दबिश और कथित मारपीट से जुड़े आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तीन दिन से चल रही थी तलाश, बिलासपुर से बुलाई गई SDRF टीम
महेश के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। गंगासागर तालाब के किनारे उसका जैकेट मिलने के बाद तालाब में डूबने की आशंका जताई गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद बिलासपुर से SDRF की टीम बुलाई गई। लगातार तीन दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह गंगासागर तालाब से महेश का शव बरामद किया गया।
दुकान चलाकर परिवार का करता था भरण-पोषण
महेश राम केंवट गांव में दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया कि 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे वह घर से निकला था। उसने परिजनों को बताया था कि पड़ोस में रहने वाले लालजी लोहार के निधन के बाद वह उनके घर रखवाली करने जा रहा है।
इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। 23 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद पत्नी गणेशी केंवट ने हसौद थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने उसके अपहरण कर कहीं बंधक बनाए जाने की आशंका भी जताई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
50 लाख मुआवजा और हत्या का केस दर्ज करने की मांग
महेश की मौत के बाद परिजनों और कांग्रेस नेताओं में आक्रोश है। उन्होंने प्रशिक्षु थाना प्रभारी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई करने और परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों ने भी पुलिस की कथित कार्रवाई और लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ।
एसपी ने ट्रेनी TI को किया सस्पेंड
मामले में सक्ती एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने हसौद के प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्हें गंभीर लापरवाही का जिम्मेदार मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है।
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की कथित दबिश, युवकों के साथ मारपीट और महेश की मौत की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।











