Saturday, June 27, 2026

कोरबा। जमीन विवाद में बेटे ने मां की लाठी से हत्या, पिता पर भी किया हमला; आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चीतापाली में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शुक्रवार देर रात एक दिव्यांग बेटे ने अपनी ही मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि पिता पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, चीतापाली निवासी श्यामलाल यादव के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा परिवार के साथ कोरबा शहर में रहता है, जबकि छोटा बेटा रामकुमार यादव अपने माता-पिता के साथ गांव में रहता था। रामकुमार दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है। वह लंबे समय से पैतृक जमीन के बंटवारे की मांग कर रहा था, लेकिन माता-पिता इसके लिए तैयार नहीं थे।

इसी बात को लेकर शुक्रवार रात विवाद इतना बढ़ गया कि रामकुमार ने गुस्से में अपनी मां जानकुंवर पर लाठी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए पिता श्यामलाल यादव पर भी उसने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल जानकुंवर की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी रामकुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। घायल पिता का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।