Monday, May 25, 2026

कोरबा के नकटीखार में बाइक में छिपा मिला खतरनाक कोबरा

कोरबा। जिले के नकटीखार क्षेत्र में बीती रात करीब 11 बजे एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब दीपक एक्का के घर में खड़ी बाइक के अंदर एक खतरनाक काला कोबरा सांप छिपा हुआ मिला। जैसे ही घर के सदस्यों की नजर सांप पर पड़ी, पूरे घर में हड़कंप मच गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) की टीम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही टीम के सदस्य अजय, तिलक और सतेंद्र बिना देर किए मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

सबसे पहले टीम ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घर के सभी लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। इसके बाद अनुभवी रेस्क्यूर अजय ने पूरी सावधानी और कुशलता के साथ बाइक के अंदर छिपे कोबरा सांप का सफल रेस्क्यू किया।

रेस्क्यू के बाद घर के लोगों ने राहत की सांस ली और RCRS टीम का आभार जताया। समय रहते सांप पर नजर पड़ने से एक बड़ा हादसा टल गया।

विशेषज्ञों के अनुसार, बरसात और गर्मी के मौसम में सांप अक्सर ठंडी और सुरक्षित जगहों की तलाश में घरों और वाहनों में छिप जाते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में खुद प्रयास करने के बजाय विशेषज्ञों को सूचना देने की सलाह दी जाती है