कोरबा। जिले के बालको और दीपका थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
बालको थाना क्षेत्र में बाइक सवार की मौत
बालको थाना अंतर्गत भटगांव-परसाखोला मार्ग पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, दो व्यक्ति शराब के नशे में बाइक चला रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर डायल 112 के आरक्षक अभिषेक लकड़ा एवं चालक सत्येंद्र गेंदले मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दीपका में ट्रेलर पलटने से साइकिल सवार की दर्दनाक मौत
दूसरी घटना दीपका थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक कोयला लोड ट्रेलर सड़क किनारे गुजर रहे साइकिल सवार पर पलट गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम जवाली दीपका निवासी अगम दास के रूप में हुई है, जो देर शाम अपने घर लौट रहा था।








