कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाईपास मार्ग पर एक तेज रफ्तार बाइक सवार ठेले से जा टकराया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि ठेला चालक टीपी नगर से अपना ठेला लेकर बुधवारी की ओर जा रहा था, तभी अचानक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद जुटी भीड़
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान बालको निवासी सुनील गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह नगर निगम में सहायक प्रोग्रामिंग प्रोग्रामर के पद पर कार्यरत था।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।











