कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ नगर निगम ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर बुलडोजर चलाया। राताखार से लेकर मुड़ापार तक सरकारी जमीन पर बने अवैध शेड, दीवारें और केबिन को जेसीबी मशीनों की मदद से ढहा दिया गया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
सुबह पहुंची निगम की टीम
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 9 बजे नगर निगम की टीम पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ राताखार बस्ती पहुंची। अचानक हुई इस कार्रवाई से कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया। प्रशासन की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
अवैध कब्जे और बिना लाइसेंस के कारोबार
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक इलाके में लंबे समय से कई कबाड़ दुकानें बिना वैधानिक अनुमति के संचालित हो रही थीं। कई दुकानदारों ने अपनी सीमा से बाहर सरकारी जमीन, सड़क किनारे और नाले के पास तक कब्जा कर लिया था, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही थी।
चोरी के सामान की खरीद-बिक्री की शिकायत
पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि इन कबाड़ ठिकानों की आड़ में औद्योगिक क्षेत्रों से चोरी होने वाले लोहे और अन्य कीमती सामानों की खरीद-बिक्री की जा रही है। इसी को देखते हुए नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
भारी पुलिस बल रहा तैनात
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या हंगामे की आशंका को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुटी, हालांकि प्रशासन की सख्ती के चलते कोई बड़ा विरोध नहीं हुआ।







