*
कोरबा।** छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना कोतवाली अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने गुंडा बदमाश एवं आदतन अपराधी पंकज शर्मा (31 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 13 इंच लंबा लोहे का धारदार हथियार भी जब्त किया गया है। आरोपी पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने का आरोप है।
**आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला**
पुलिस के अनुसार, आरोपी पंकज शर्मा के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 934/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का धारदार हथियार जब्त किया।
जब्त हथियार की कुल लंबाई लगभग 13 इंच है। इसमें धारदार फल की लंबाई करीब 10 इंच और मूठ की लंबाई लगभग 3.5 इंच बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
**आदतन अपराधी के खिलाफ जिला बदर का मामला लंबित**
पुलिस के मुताबिक, पंकज शर्मा क्षेत्र का आदतन अपराधी और गुंडा बदमाश है। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई के लिए प्रकरण तैयार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। फिलहाल जिला बदर का प्रकरण लंबित है। पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है।
**बाउंड ओवर की शर्तें तोड़ने पर बॉन्ड राशि जब्ती की तैयारी**
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 129 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। उस दौरान उससे निर्धारित प्रतिभूति राशि लेकर भविष्य में शांति और सदाचार बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने के लिए बाउंड ओवर कराया गया था।
इसके बावजूद आरोपी पर दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप है। बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन किए जाने पर पुलिस ने जमा बॉन्ड राशि जब्त करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार निगरानी रखते हुए सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







