कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। मोरगा चौकी क्षेत्र के बड़े मदनपुर घाट पर 8 नई कारों से लोड एक भारी कंटेनर अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में कंटेनर वाहन के साथ उसमें लोड सभी 8 नई कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, दुर्घटना में चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
आंध्र प्रदेश से अंबिकापुर जा रहा था कंटेनर
जानकारी के मुताबिक, कंटेनर वाहन आंध्र प्रदेश से अंबिकापुर स्थित महामाया ऑटो सेंटर के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान बड़े मदनपुर घाट के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते तेज रफ्तार कंटेनर सड़क से नीचे करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि कंटेनर के परखच्चे उड़ गए। उसमें लोड सभी नई कारों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
हादसे के बाद मौके पर जुटी लोगों की भीड़
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मोरगा चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




