Monday, May 18, 2026

कोरबा में बड़ा हादसा : माल वाहन की रस्सी में फंसा बाइक सवार का गला, विरोध करने पर मारपीट

Korba शहर में लापरवाही से सामान उतारना एक बाइक सवार के लिए जानलेवा साबित होते-होते बचा। माल वाहन से रस्सी खोलने के दौरान बाइक सवार का गला रस्सी में फंस गया, जिससे वह करीब 20 से 30 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद विरोध करने पर वाहन चालक और हमाल ने पीड़ित के साथ मारपीट भी की।

घटना Kotwali Police Station क्षेत्र स्थित प्रेमचंद अर्जुन दास दुकान के पास की बताई जा रही है। पीड़ित राजू साहू (52), निवासी गुप्ता गली, संजय नगर सीतामणी, सामान लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन क्रमांक CG 12 BM 9790 का चालक सामान उतार रहा था।

बताया गया कि चालक और हमाल रस्सी को घुमाकर खोल रहे थे, तभी रस्सी उछलकर राजू साहू के गले में फंस गई। रस्सी में फंसने से वे बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और काफी दूर तक घिसटते चले गए।

पीड़ित ने जब घटना का विरोध किया तो आरोपी वाहन चालक मनोज चंद्रा उर्फ महेंद्र चंद्रा और हमाल समीर चौहान भड़क गए। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कहा, “रस्सी फेंकेंगे तो फंसेगा ही।” इसके बाद दोनों ने घायल राजू साहू के साथ मारपीट भी की।

मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया। घटना में राजू साहू को अंदरूनी चोटें आई हैं। घायल अवस्था में वे कोतवाली थाना पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ Bharatiya Nyaya Sanhita की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।