Monday, June 15, 2026

कोरबा में राज्यपाल की फोटो विवाद पर सियासत गरमाई, अफसरों को लेकर पूर्व मंत्री और नेता प्रतिपक्ष बरसे

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में राज्यपाल रमेन डेका के दौरे के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकी राम कंवर की उनसे मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर राजनीति गर्मा गई है।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने इस प्रकरण पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “मैं कलेक्टर का नौकर नहीं हूं। न ही किसी मातहत अफसर को मुझे ऐसे निर्देश देने का अधिकार है।”

विधानसभा परिसर में नेता प्रतिपक्ष भी इस पूरे प्रकरण में सामने आए और कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस की शब्दावली पर कड़ा ऐतराज जताया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ननकी राम कंवर की फोटो वायरल होने पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने जो कहा, उसमें कुछ भी गलत नहीं है।

उन्होंने कहा, “कलेक्टर को अपना नोटिस वापस लेना चाहिए। अफसर अपनी सीमा से बाहर जाकर कार्य न करें।”

गौरतलब है कि राज्यपाल के कोरबा प्रवास के दौरान यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसे लेकर प्रशासन की ओर से आपत्ति जताते हुए नोटिस जारी किया गया। इसके बाद सियासी गलियारों में इस मुद्दे को लेकर घमासान शुरू हो गया है।

फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन की तरफ से कोई औपचारिक सफाई सामने नहीं आई है। वहीं भाजपा और कांग्रेस दोनों के नेताओं में बयानबाजी का दौर जारी है।