Monday, September 7, 2026

कोरबा में रेलवे फाटक पर आधे घंटे लगा जाम: टीपी नगर चौक पर थमा ट्रैफिक, कलेक्टर-एसडीएम भी फंसे

कोरबा, 21 जुलाई। शहर के सबसे व्यस्त टीपी नगर रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लगातार करीब आधा घंटे तक रेलवे फाटक बंद रहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बैक-टू-बैक दो ट्रेनों की आवाजाही के कारण पूरा यातायात प्रभावित हो गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कलेक्टर, एसडीएम और निगम आयुक्त भी जाम में फंसे

जाम इतना भीषण था कि आम लोगों के साथ-साथ जिले के कलेक्टर, एसडीएम और नगर निगम आयुक्त के वाहन भी इसमें फंस गए। अधिकारियों को भी अन्य वाहन चालकों की तरह रेलवे फाटक खुलने का इंतजार करना पड़ा।

ट्रैफिक व्यवस्था पर नाराज हुए एसडीएम

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को देखकर एसडीएम ने ड्यूटी पर तैनात यातायात सिपाही को फटकार लगाई। करीब 30 मिनट बाद जब रेलवे फाटक खुला तो एक साथ वाहनों के आगे बढ़ने से स्थिति और बिगड़ गई।

इसके बाद यातायात पुलिस और स्थानीय कर्मियों ने काफी मशक्कत कर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई।

ओवरब्रिज की उठी मांग

टीपी नगर रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन लगने वाले जाम से स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान हैं। नागरिकों का कहना है कि बार-बार रेलवे फाटक बंद होने के कारण स्कूल, दफ्तर और जरूरी कार्यों के लिए निकलने वाले लोगों को रोजाना घंटों जाम में फंसना पड़ता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और रेलवे से टीपी नगर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज (ROB) या किसी अन्य स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस समस्या से राहत मिल सके।