Saturday, June 6, 2026

कोरबा में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म: दो आरोपी गिरफ्तार, मानिकपुर पुलिस की कार्रवाई

कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी पुलिस ने दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों मामलों में पीड़ित युवतियों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की।

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों ने युवतियों को शादी का झांसा देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया।

पहला मामला: प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार

पहला मामला बालको क्षेत्र से जुड़ा है। आरोपी शैलेश गढ़वाल (24) मूल रूप से जयपुर का निवासी है और वर्तमान में कोरबा में अपने रिश्तेदारों के यहां रह रहा था।

जानकारी के अनुसार, युवती और आरोपी एक ही कार्यालय में काम करते थे, जहां दोनों के बीच पहचान हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई।

आरोपी ने शादी का वादा कर युवती से संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया। बाद में जब युवती ने शादी और साथ रखने की बात कही, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने मानिकपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को उसके मूल निवास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

दूसरा मामला: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर धोखा

दूसरा मामला भी मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है। इसमें आरोपी प्रशांत साहू (24), निवासी 15 ब्लॉक सीएसईबी चौकी क्षेत्र, शामिल है।

पुलिस के अनुसार, प्रशांत की दोस्ती बालको क्षेत्र की एक युवती से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।

आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार युवती से संबंध बनाए, लेकिन जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसने इनकार कर दिया।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।