Friday, July 17, 2026

कोरबा में 18 जुलाई को होगा ‘रन फॉर ग्रीन’ आयोजन, पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश

कोरबा। पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत ‘रन फॉर ग्रीन’ मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। यह दौड़ 18 जुलाई शनिवार को सुबह 7 बजे घंटाघर स्थित ओपन थियेटर से शुरू होगी।

आयोजन की तैयारियों को लेकर नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने साकेत भवन सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मंच व्यवस्था, रूट प्रबंधन, पौधरोपण, पेयजल, साफ-सफाई, प्रतिभागियों की सुविधा और अन्य तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि होंगे। वहीं महापौर श्रीमती संजुदेवी राजपूत अध्यक्षता करेंगी। सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह और सभापति नूतन सिंह ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इस आयोजन का मुख्य आकर्षण भारतीय महिला फुटबॉल टीम की सदस्य एवं खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में छत्तीसगढ़ विजेता टीम की कप्तान किरण पिस्दा रहेंगी।

‘रन फॉर ग्रीन’ में जिला प्रशासन, नगर निगम, विभिन्न विभागों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, माय भारत यूथ वालंटियर्स, एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड, एनएसएस कार्यकर्ताओं, स्कूली विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में कोरबावासियों की सहभागिता रहेगी।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं त्रुटिरहित हों, ताकि पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।