कोरबा। जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत पसान वन परिक्षेत्र के ग्राम जलके में वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चुनाव के दौरान विवाद खड़ा हो गया। चुनाव के बीच ग्रामीणों ने वन विभाग के निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार और चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया। इसी दौरान डिप्टी रेंजर पर ग्रामीणों को ‘एक मिनट के भीतर उठवा लेने’ की धमकी देने का आरोप है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने फेंसिंग कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जंगल में लगाए गए खंभों को निर्धारित मानकों के अनुसार जमीन में नहीं गाड़ा गया। ग्रामीणों ने चुनाव प्रक्रिया में भी अनियमितता का आरोप लगाते हुए अधिकारियों से जवाब मांगा।
इसी दौरान कथित रूप से डिप्टी रेंजर अयोध्या सोनी और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान उन्होंने ग्रामीणों को ‘एक मिनट के भीतर उठवा लेने’ की धमकी दी, जिसका वीडियो मौके पर मौजूद किसी ग्रामीण ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने वन विभाग के निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने, चुनाव प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं की जांच करने तथा संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले में वन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि विभाग का पक्ष सामने आता है तो उसे भी शामिल किया जाएगा।









