यूक्रेन पर लगातार चौथे दिन भी रूस का हमला जारी है। ताजा अपडेट्स के मुताबिक, रूस की सेना यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव में दाखिल हो गई है। इधर, राजधानी कीव के बाहर यूक्रेन ने रूसी सेना को कड़ी टक्कर दी है। यूक्रेनी सेना ने रूस की तरफ से लड़ रहे चेचेन स्पेशल फोर्स के टॉप जनरल को मार गिराया है।
इस बीच, रविवार सुबह समी ओब्लास्ट के ओखत्यर्का में रूसी हमले में सात साल की बच्ची समेत छह नागरिकों की मौत हो गई है। यूक्रेन के लोकल मीडिया ने वहां के गवर्नर डमित्री जेहिवित्स्की के हवाले से यह जानकारी दी है। उधर, रूसी सैनिकों ने खार्किव में गैस पाइपलाइन उड़ा दी। वहीं, बार्सिलकीव में गोलीबारी से पेट्रोलियम बेस में आग लग गई।
यूक्रेन का दावा है कि अब तक रूसी हमले में 198 लोगों की जान जा चुकी है, जिसमें 33 बच्चे भी शामिल है। इसके अलावा 1,115 लोग घायल हो गए हैं। संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 1.50 लाख से ज्यादा यूक्रेनी शरणार्थी पोलैंड, मोल्दोवा और रोमानिया पहुंच चुके हैं।











